Home » विश्व बाल दिवस पर यूनिसेफ के बाल पत्रकारों से मिले मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, बाल अधिकारों पर चर्चा !
समाचार लेख: विश्व बाल दिवस पर यूनिसेफ के बाल पत्रकारों से मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का संवाद !
रांची : विश्व बाल दिवस के अवसर पर आज कांके रोड, रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से यूनिसेफ (UNICEF) के 10 बाल पत्रकारों ने मुलाकात की। इस दौरान बाल पत्रकारों ने मुख्यमंत्री के समक्ष बाल अधिकारों, अपने सपनों, भविष्य और जमीनी स्तर पर किए गए सकारात्मक बदलावों को लेकर खुलकर संवाद किया।
बाल पत्रकारों ने मुख्यमंत्री को अपने स्कूल और समुदाय में किए गए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार उन्होंने बाल विवाह और बाल श्रम जैसी सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम में योगदान दिया तथा स्कूल छोड़ चुके (ड्रॉप आउट) बच्चों को दोबारा शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में भूमिका निभाई। इसके अलावा बच्चों ने माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, बचपन में होने वाली गैर-संचारी बीमारियों की रोकथाम, स्वस्थ खानपान और जलवायु परिवर्तन जैसे विषयों पर जन-जागरूकता के अपने अनुभव साझा किए।
स्कूली शिक्षा और खेल को बढ़ावा देने पर जोर
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने बाल पत्रकारों के सवालों का सहजता, आत्मीयता और संवेदनशीलता के साथ जवाब दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्कूली शिक्षा को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से दूर रखने के लिए समीक्षा कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सरकारी स्कूलों में पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने के लिए खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी और पंचायत स्तर पर खेल मैदान बनाए जाएंगे। वहीं, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के माध्यम से बच्चों के शैक्षणिक स्तर में सुधार लाया जा रहा है।
जिला पुस्तकालय, बाल विवाह रोकथाम और स्वास्थ्य पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में जिला स्तर पर पुस्तकालय निर्माण का कार्य चल रहा है, क्योंकि शिक्षा से सही-गलत की समझ विकसित होती है। बाल विवाह पर उन्होंने कहा कि यह कानूनी अपराध होने के साथ-साथ प्रकृति के भी विरुद्ध है, जिससे बच्ची के साथ पुरुष को भी परेशानी झेलनी पड़ती है; इसलिए निर्धारित अवधि में ही विवाह कराया जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार के अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे एक दिन अपने क्षेत्र के स्कूलों में रहकर विद्यार्थियों से बातचीत करें। साथ ही विद्यालयों में माहवारी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है और बच्चियों व महिलाओं को सैनेटरी पैड उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
“बच्चे झारखंड के भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी”
यूनिसेफ के अधिकारियों और बाल पत्रकारों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बाल पत्रकारों की जागरूकता और आत्मविश्वास देखकर उन्हें गर्व होता है कि बड़े होकर ये कितने अच्छे नेतृत्वकर्ता बनेंगे। उन्होंने कहा कि बच्चे झारखंड के भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और जब कोई बच्चा आत्मविश्वास के साथ सवाल पूछता है या अन्याय के खिलाफ आवाज उठाता है, तो उसकी बात सुनी जानी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड सरकार बच्चों के लिए अनुकूल वातावरण बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि हर बच्चे को सीखने, अपनी बात रखने, सुरक्षित रहने और सपने पूरे करने के समान अवसर मिलें। उन्होंने यूनिसेफ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के विचारों से सरकार को यह समझने में मदद मिलती है कि योजनाएं बच्चों तक कितनी प्रभावी ढंग से पहुंच रही हैं।
यूनिसेफ प्रतिनिधियों के विचार
इस अवसर पर यूनिसेफ झारखंड की प्रमुख डॉ. कनीनिका मित्र ने कहा कि 80 वर्षों के कार्य अनुभव के आधार पर यूनिसेफ का मानना है कि बच्चों को केवल योजनाओं के लाभार्थी के रूप में नहीं, बल्कि उनके जीवन से जुड़े निर्णयों में भी भागीदार बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बाल पत्रकार कार्यक्रम ने दिखाया है कि बच्चों को सही जानकारी, आत्मविश्वास और मंच मिलने से बड़े बदलाव संभव हैं।
यूनिसेफ झारखंड की कम्यूनिकेशन, एडवोकेसी एंड पार्टनरशिप स्पेशलिस्ट सुश्री आस्था अलंग ने कहा कि भौगोलिक परिस्थितियों, गरीबी और लैंगिक असमानता जैसी चुनौतियों के बीच बच्चों को प्राथमिकता देना बेहद जरूरी है। बच्चों में आज किया गया निवेश ही पूरे समाज के बेहतर भविष्य की नींव रखेगा।
कार्यक्रम में शामिल बाल पत्रकार और प्रतिनिधि
इस मुलाकात में बाल पत्रकारों के रूप में श्री सोनू उरांव (गवर्नमेंट हाई स्कूल कांके), सुश्री खुशबू कुमारी (परमवीर अल्बर्ट एक्का, जीएमएस सदर), सुश्री तनु कुमारी (जीयुएमएस पालू, ओरमांझी), सुश्री सोफिया नुजहत (जीयुएमएस हुरहुरी, रातु), सुश्री प्रियांशी बरदियार (जीएमएस हरमू हाउसिंग), श्री सूरज प्रताप सिंह (जीएचएस, बोरीया कांके), सुश्री पल्लवी कुमारी (गवर्नमेंट स्कूल, डाहु, ओरमांझी), सुश्री साक्षी कुमारी (जीएमएस, टीगरा नवा टोली, रातु), श्री पंकज कुमार (गवर्नमेंट स्कूल, हरमू) और सुश्री प्रियांशी कुमारी (गवर्नमेंट स्कूल डहु) उपस्थित थे। इनके साथ एनबीजेके (NBJK) की श्रीमती सुष्मिता भट्टाचार्य और श्री विवेक कुमार भी मौजूद रहे।