Home » जमशेदपुर: पीएम मोदी के 25 वर्षों के राष्ट्रसेवा के उपलक्ष्य में निकली ‘सेवा ज्योति यात्रा’, विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन – अभय सिंह !
जमशेदपुर: पीएम मोदी के 25 वर्षों के राष्ट्रसेवा के उपलक्ष्य में निकली ‘सेवा ज्योति यात्रा’, विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन !
जमशेदपुर: यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री के रूप में राष्ट्रसेवा में समर्पित ऐतिहासिक 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जमशेदपुर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जमशेदपुर महानगर एवं पूर्वी सिंहभूम जिले के संयुक्त तत्वावधान में साकची स्थित बोधि मंदिर मैदान में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के तहत ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ आयोजित की गई।
इस पुनीत अवसर पर आयोजित जनसभा में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों का भारी हुजूम उमड़ा। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राष्ट्रीय संबोधन को कार्यकर्ताओं के साथ सामूहिक रूप से सुना गया। संबोधन सुनकर उपस्थित कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ।
दिग्गज नेताओं की रही गरिमामय उपस्थिति
साकची बोधि मंदिर मैदान से सामूहिक रूप से निकाली गई ‘सेवा ज्योति यात्रा’ में क्षेत्र के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इस अवसर पर ओडिशा के पूर्व राज्यपाल एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास, जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र के माननीय सांसद श्री विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पूर्वी की लोकप्रिय विधायक श्रीमती पूर्णिमा दास साहू तथा झारखंड भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता श्री अभय सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
राष्ट्रसेवा और सेवा ही संगठन का संकल्प
झारखंड बीजेपी के प्रवक्ता अभय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन निस्वार्थ राष्ट्रसेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है। उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री काल से लेकर आज भारत के शीर्ष नेतृत्व तक देश को विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।
सांसद विद्युत वरण महतो एवं विधायक पूर्णिमा दास साहू ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा कार्यों का विस्तार करना है।
कार्यक्रम के अंत में सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने एक साथ मिलकर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ में पदयात्रा की और देश की समृद्धि तथा ‘विकसित भारत’ के निर्माण का संकल्प दोहराया। इस दौरान पूरे परिसर में ‘भारत माता की जय’ और ‘नरेंद्र मोदी जिंदाबाद’ के नारे गूंजते रहे।