Home » JSSC CGL Scam: CID के दो हलफनामों में अंतर पर भड़की बीजेपी, प्रतुल शाहदेव ने हेमंत सरकार से पूछे तीखे सवाल
JSSC CGL परीक्षा में CID के दो हलफनामों पर भड़की बीजेपी, प्रतुल शाहदेव बोले – ‘आरोपियों को बचाने के लिए दी गई थी गलत रिपोर्ट’
रांची: झारखंड में JSSC CGL परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ी का मामला अब एक बार फिर तूल पकड़ता नजर आ रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने इस पूरे मामले में CID (सीआईडी) द्वारा अदालत में दाखिल किए गए दो अलग-अलग हलफनामों के अंतर को लेकर हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला है।
डेढ़ साल में बदल गई CID की जांच रिपोर्ट
रांची में पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि लगभग डेढ़ साल पहले इसी JSSC CGL परीक्षा मामले में सीआईडी ने अपनी जांच रिपोर्ट के आधार पर अदालत में हलफनामा दायर किया था। उस वक्त सीआईडी ने स्पष्ट कहा था कि परीक्षा में किसी भी तरह की कोई गड़बड़ी या धांधली नहीं हुई है।
लेकिन डेढ़ साल बाद, जब छात्रों का व्यापक आंदोलन हुआ और दबाव बढ़ा, तब सीआईडी ने अदालत में जो नया हलफनामा दाखिल किया, उसमें स्वीकार किया गया है कि इस परीक्षा में नियुक्तियां बेची गई थीं।
‘गलत रिपोर्ट देने वाले अफसरों पर हो सख्त कार्रवाई’
प्रतुल शाहदेव ने सवाल उठाया कि एक ही एजेंसी की दो अलग-अलग जांच रिपोर्ट आखिर कैसे संभव है? उन्होंने सरकार से सीधे तौर पर पूछा:
“क्या हेमंत सरकार सीआईडी की उस पिछली रिपोर्ट के आधार पर जांच अधिकारियों के खिलाफ कोई कड़ी कार्रवाई करेगी, जिन्होंने कोर्ट में झूठा हलफनामा दायर कर मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की थी?”
आरोपियों को बचाने का प्रयास हुआ उजागर
बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि सीआईडी की इन दोनों जांच रिपोर्टों की तुलना करने पर यह पूरी तरह साफ हो जाता है कि शुरुआती जांच में गलत हलफनामा देकर असली दोषियों और आरोपियों को बचाने का सुनियोजित प्रयास किया गया था। उन्होंने मांग की कि इस पूरे प्रकरण में निष्पक्ष जांच हो और गलत रिपोर्ट पेश करने वाले अधिकारियों से लेकर इसमें शामिल हर दोषी पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।