Home » कांग्रेस के ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर आदित्य साहू का पलटवार: बोले- संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करना कांग्रेस की फितरत
वोट चोरी के आरोपों पर भड़की भाजपा, आदित्य साहू बोले— “संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करना कांग्रेस की फितरत”
रांची: भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस द्वारा लगाए गए ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर जोरदार पलटवार किया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस के सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे पूरी तरह से बेबुनियाद और गलत करार दिया।
आदित्य साहू ने कहा कि चुनाव आयोग ने खुद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तथ्यों के साथ कांग्रेस के हर सवाल और आरोप का तथ्यात्मक जवाब दे दिया है। इसके बावजूद कांग्रेस पार्टी लगातार गलत बयानबाजी कर रही है और जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।
संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना जायज नहीं
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट जैसी देश की सर्वोच्च और निष्पक्ष संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाना किसी भी लिहाज से जायज नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए संवैधानिक संस्थानों पर उंगली उठाना कांग्रेस पार्टी की पुरानी नीति रही है। इसी गलत राजनीति के कारण आज देश की जनता कांग्रेस को गंभीरता से नहीं लेती है।
राहुल गांधी पर तीखा हमला
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए आदित्य साहू ने उन्हें ‘मंदबुद्धि’ करार दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को देश से कोई प्रेम नहीं है, यही वजह है कि वह देश में कम और विदेश में ज्यादा समय बिताते हैं। साहू ने आगे कहा कि राहुल गांधी जब भी विदेश जाते हैं, तो वहां जाकर भारत की छवि खराब करने और देश की बुराई करने का काम करते हैं। यह उनकी फितरत बन चुकी है।
“मोदी सरकार में देश विकास के पथ पर अग्रसर”
आदित्य साहू ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार देश को विकास के पथ पर आगे ले जा रही है। वहीं दूसरी ओर, कांग्रेस पार्टी अपनी गलत नीतियों और दिशाहीन राजनीति के कारण हर मौके पर केवल अनर्गल और गलत बयानबाजी करने में लगी हुई है।