Home » लोहरदगा में 810 करोड़ की रोड परियोजना से रंगदारी, राहुल सिंह गैंग की धमकी
लोहरदगा: वाराणसी-रांची इकोनॉमिक कॉरिडोर के तहत कुडू से उदयपुरा बाइपास सड़क निर्माण कार्य में लगे कर्मियों को रंगदारी की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कुख्यात राहुल सिंह गिरोह के नाम पर व्हाट्सएप संदेश भेजकर निर्माण कंपनी से लेवी की मांग की गई है।
जानकारी के अनुसार, करीब 810 करोड़ रुपये की लागत वाली इस महत्वाकांक्षी फोरलेन सड़क परियोजना का निर्माण कार्य चल रहा है।
इसी दौरान कंपनी के एक कर्मी को व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर पहले “मैनेज” करने और अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई।
मामले की सूचना मिलते ही कुडू थाना पुलिस हरकत में आई। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा, पुलिस निरीक्षक चंद्रशेखर आजाद तथा थाना प्रभारी अजीत कुमार ने निर्माण स्थल पहुंचकर जांच की। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और धमकी भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है।
थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि राहुल सिंह के नाम पर व्हाट्सएप संदेश भेजकर धमकी दी गई थी। मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।