Home » देवघर में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाता सुनवाई रिकॉर्ड जांचे, 30 नवंबर तक कमियां दूर करने का निर्देश !
देवघर में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाता सुनवाई रिकॉर्ड की जांच की, 30 नवंबर तक कमियां दूर करने का निर्देश !
देवघर : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड श्री के. रवि कुमार ने शनिवार को देवघर जिले के जरमुंडी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सोनाराईठाढ़ी प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एसआईआर (SIR) के तहत मतदाताओं की सुनवाई प्रक्रिया से जुड़े रिकॉर्ड की गहन जांच की।
निरीक्षण के क्रम में कुछ मतदाताओं की सुनवाई के दौरान दस्तावेजों के सत्यापन से संबंधित कमियां सामने आईं। इसे गंभीरता से लेते हुए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी तथा सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी चिह्नित कमियों को 30 नवंबर तक हर हाल में दूर कर निर्धारित प्रतिवेदन समर्पित करें।
पात्र नाम जुड़ें और अपात्र बाहर रहें: सख्त निर्देश
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। साथ ही, किसी भी विदेशी अथवा अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने सुनवाई और दस्तावेज सत्यापन की पूरी प्रक्रिया में चुनाव आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने पर जोर दिया।
निरीक्षण में ये अधिकारी रहे मौजूद
मतदान केंद्रों के निरीक्षण के अवसर पर देवघर की उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती सागरी बारला के साथ संबंधित विधानसभा क्षेत्र के सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बीएलओ सुपरवाइजर और बीएलओ उपस्थित थे।