Home » पलामू में डीजीपी तदाशा मिश्र की मैराथन बैठक: दागी अपराधियों पर स्पीडी ट्रायल का निर्देश, नए कानूनों के प्रभावी पालन पर जोर
आज दिनांक-05.06.2026 को श्रीमती तदाशा मिश्र, महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक, झारखण्ड की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक का कार्यालय पलामू में पलामू प्रक्षेत्र का अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था से संबंधित मुद्दों पर समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक के दौरान पुलिस महानिदेशक द्वारा आगामी मुहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन हेतु की जा रही तैयारियों का विश्लेषण किया गया। विगत एक वर्ष के दौरान घटित महत्वपूर्ण कांडों, संवेदनशील साम्प्रदायिक एवं आपराधिक घटनाओं तथा उन पर की गई पुलिस कार्रवाई की विस्तार से समीक्षा की गई। पुलिस महानिदेशक ने ऐसे मामलों में त्वरित अनुसंधान, अभियोजन की प्रभावी कार्रवाई तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों को गंभीरता से लेते हुए महिला अत्याचार, पोक्सो अधिनियम से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे संवेदनशील मामलों में पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा अनुसंधान निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त मॉब लिंचिंग, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत दर्ज मामलों, सम्पत्ति मूलक अपराधों, साइबर अपराधों, मानव तस्करी तथा संगठित अपराध से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध एवं संगठित अपराध के विरुद्ध विशेष अभियान चलाए जाएं तथा तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए।
जिलों में लंबित कांडों एवं न्यायालयों में विचाराधीन मामलों की समीक्षा करते हुए संवेदनशील कांडों का Speedy Trial कराने क कार्रवाई की जाए। पुलिस महानिदेशक ने गंभीर अपराधों से संबंधित मामलों में त्वरित विचारण सुनिश्चित करने, अभियोजन पक्ष के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा दोषसिद्धि दर में वृद्धि हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम, 2023 के कार्यान्वयन एवं अनुपालन की भी समीक्षा की गई। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को नवीन कानूनों के प्रावधानों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने तथा अनुसंधान एवं अभियोजन की प्रक्रिया को नवीन विधिक प्रावधानों के अनुरूप संचालित करने का निर्देश दिया। पुलिस सभा का आयोजन कर पुलिसकर्मियों के कल्याण, कार्यस्थल की समस्याओं के समाधान तथा बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। जिलों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, उनकी कार्यशीलता, निगरानी व्यवस्था एवं कवरेज क्षेत्र की भी विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा तकनीकी अवसंरचना को मजबूत बनाने पर बल दिया। जिलों में गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी की स्थिति की समीक्षा करते हुए पुलिस महानिदेशक ने आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निष्पादन तथा बरामद मोबाइल फोन को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत शीघ्र लौटाने का निर्देश दिया। साथ ही विभागीय कार्रवाई एवं लंबित जांचों की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। चेम्बर ऑफ कॉमर्स के सदस्यों के साथ भी मुलाकात की गई एवं उनके समस्याओं को सुनकर समस्याओं का निराकरण करने का आश्वासन दिया गया।
इस मैराथन बैठक में पुलिस महानिदेशक के अतिरिक्त श्री नरेंद्र कुमार सिंह, पुलिस महानिरीक्षक, अभियान सह प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक पलामू, झारखण्ड, श्री अजय लिंडा, पुलिस महानिरीक्षक, अप०अनु०वि०, झारखण्ड, श्री कौशल किशोर, पुलिस उप-महानिरीक्षक, पलामू, पुलिस अधीक्षक, गढ़वा / लातेहार एवं पुलिस अधीक्षक पलामू तथा अन्य पुलिस पदाधिकारियों के साथ चेंम्बर ऑफ कॉमर्स के सदस्य सभी भौतिक रूप से उपस्थित रहें।