Home » राहुल गांधी पर बाबूलाल मरांडी के बयान पर भड़की कांग्रेस, लाल किशोर नाथ शाहदेव का तीखा पलटवार
राहुल गांधी पर बाबूलाल मरांडी के बयान पर भड़की कांग्रेस, लाल किशोर नाथ शाहदेव का तीखा पलटवार !
रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सह मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने राज्य के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के हालिया बयान पर तीखा पलटवार किया है। शाहदेव ने बाबूलाल मरांडी के बयान को उनकी हताशा, निराशा और मानसिक बौखलाहट का स्पष्ट प्रतीक करार दिया।
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि जब भी राहुल गांधी देश के लोकतंत्र, संविधान और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल उठाते हैं, तो पूरी भारतीय जनता पार्टी में खलबली मच जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी देश की जनता की आवाज उठा रहे हैं और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग करना कोई अराजकता नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत करने का संवैधानिक अधिकार है। जब भाजपा इन सवालों के जवाब देने में असमर्थ होती है, तो व्यक्तिगत आक्षेपों पर उतर आती है।
“इलाज राहुल गांधी को नहीं, बीजेपी की मानसिकता को चाहिए”
बाबूलाल मरांडी द्वारा राहुल गांधी के इलाज से जुड़े बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कांग्रेस महासचिव ने कहा कि यह बेहद निचले स्तर की राजनीति का परिचायक है। सच तो यह है कि इलाज की जरूरत राहुल गांधी को नहीं, बल्कि भाजपा की उस सोच और मानसिकता को है जो देश की स्वतंत्र संवैधानिक संस्थाओं को अपना गुलाम बनाना चाहती है।
मुद्दों से ध्यान भटकाने में माहिर है भाजपा
शाहदेव ने आगे कहा कि राफेल, ईवीएम (EVM), वोटिंग प्रक्रिया और फोन टैपिंग जैसे विषय सीधे जनता के अधिकारों और लोकतंत्र से जुड़े हैं। भाजपा इन गंभीर मुद्दों पर जवाब देने के बजाय हमेशा मुद्दों को भटकाने की राजनीति करती है।
उन्होंने दावा किया कि विपक्षी एकजुटता और बढ़ते जन-आंदोलन से भाजपा पूरी तरह डरी हुई है। यही वजह है कि बाबूलाल मरांडी जैसे नेता अपनी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को खुश करने के लिए अनर्गल और आधारहीन बयानबाजी कर रहे हैं।
कांग्रेस नेता ने अंत में कहा कि चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं पर जन-विश्वास तभी कायम रह सकता है जब सभी प्रक्रियाएं पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष हों। सवालों को दबाने की भाजपा की कोशिश ही यह दर्शाती है कि दाल में कुछ काला है।