रांची : राजधानी रांची समेत पूरे सूबे में ठंड लगातार बढ़ रही है। मौसम केंद्र के अनुसार रांची में तापमान में गिरावट का दौर आज से शुरू हो गया है और अगले तीन दिनों तक यह गिरावट जारी रह सकती है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री की कमी दर्ज होने की संभावना है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान हल्की बढ़ोतरी के साथ 10.6 डिग्री तक पहुंचा, लेकिन शाम होते ही ठंडी हवा और कनकनी ने लोगों को परेशान कर दिया। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को तेज हवा और सर्दी के कारण काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। विभाग ने अगले दिनों में आसमान साफ रहने की संभावना जताई है।
15 दिसंबर के बाद शीतलहर का अंदेशा
मौसम विभाग ने बताया कि 14 दिसंबर से सुबह के समय कोहरा बढ़ना शुरू हो जाएगा, जबकि 15 दिसंबर के बाद शीतलहर चलने के संकेत मिल रहे हैं, जिससे ठिठुरन और बढ़ सकती है।
झारखंड भर में बढ़ रही ठंड
राज्य के ज्यादातर जिलों में तापमान लगातार नीचे जा रहा है। रांची और गुमला सबसे ठंडे जिलों में शामिल हैं, जहां न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक पहुंच गया है। बोकारो, हजारीबाग और मध्य झारखंड में तापमान 5 से 11 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया। चतरा, पलामू, गढ़वा, लातेहार और लोहरदगा में पारा 6 से 10 डिग्री पर बना हुआ है। देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में तापमान 9 से 14 डिग्री के बीच है। दक्षिणी झारखंड में दिन का तापमान 27-28 डिग्री रहने से थोड़ी राहत मिल रही है। विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिमी हवाओं और साफ आसमान की वजह से रांची, गुमला, पलामू और चतरा में तापमान दो से तीन डिग्री और गिर सकता है।
स्वास्थ्य विभाग का अलर्ट जारी
ठंड में तेजी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने चेतावनी दी है कि 6 वर्ष से कम उम्र के बच्चे, गर्भवती महिलाएं, बुजुर्ग, डायबिटीज, बीपी और सांस की बीमारी से पीड़ित मरीज इनके लिए ठंड अधिक खतरनाक हो सकती है। विभाग ने सलाह दी है कि ऐसे लोग बाहर कम निकलें और सिर, गला, छाती तथा हाथ-पैर पूरी तरह ढककर रखें। लंबे समय तक खुले में रहने से भी बचने को कहा गया है।
आपात स्थिति में हेल्पलाइन 108 और 104 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है। शीतलहर की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने पूरे राज्य में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। सभी सिविल सर्जनों, चिकित्सा पदाधिकारियों और मेडिकल कॉलेजों को दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
AIOS Mid-Term Conference 2026 Ranchi: रांची में राष्ट्रीय नेत्र सम्मेलन का भव्य आगाज | Health News Jharkhand
'नॉलेज हब' बनता रांची: देश के मानचित्र पर अब रिसर्च और उच्च शिक्षा का सिरमौर - डॉ. इरफ़ान अंसारी रांची...












