Home » सदन अनिश्चित काल के लिए स्थगित: CM हेमंत सोरेन का BJP पर तीखा हमला, बोले- ‘हमारी सरकार में मूलवासियों को मिलीं नौकरियां’
सदन की कार्यवाही स्थगित: CM हेमंत सोरेन का BJP पर हमला—’हम मूलवासियों को दे रहे अधिकार, विपक्ष को सच से डर’
रांची: झारखंड विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई है। सदन के समापन के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विपक्ष (भाजपा) पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अपने दायरे में रहकर पूरी निष्ठा के साथ प्रयास किया कि सदन सुचारू रूप से चले और जनहित के मुद्दों पर चर्चा हो सके।
गरीबों की जेब काटने का आरोप
मुख्यमंत्री ने विपक्ष के हंगामे और रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि “सदन में नोट उड़ाए जा रहे हैं और गरीब-गुरबों की जेब से किस तरह पैसे निकाले जा रहे हैं, यह सच्चाई अब किसी से छिपी नहीं है।” उन्होंने कहा कि सच को आंच नहीं आती और राज्य सरकार तमाम बंदिशों को दरकिनार कर युवाओं के प्रति अपनी मजबूत इच्छाशक्ति के साथ खड़ी है।
“हमारी सरकार नौजवानों के भविष्य को लेकर बेहद चिंतित है। बंद होते छोटे-छोटे उद्योग-धंधों को पुनर्जीवित करने और स्थानीय युवाओं को उनका हक दिलाने के लिए हम लगातार ठोस कदम उठा रहे हैं।”
— हेमंत सोरेन, मुख्यमंत्री (झारखंड)
नियुक्तियों में मूलवासियों को प्राथमिकता
रोजगार के आंकड़ों का जिक्र करते हुए सीएम सोरेन ने कहा कि हाल के दिनों में राज्य में रिकॉर्ड संख्या में नियुक्तियां हुई हैं। इन परीक्षाओं और बहाली प्रक्रियाओं में अधिकांश मूलवासियों और स्थानीय युवाओं का चयन हुआ है।
विपक्ष को घेरते हुए उन्होंने आगे कहा कि भाजपा के कार्यकाल में झारखंड के बाहर के छात्रों को प्राथमिकता देकर नियुक्तियां दी गईं, जबकि वर्तमान सरकार राज्य के युवाओं का हक सुरक्षित कर रही है। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के लिए इस सच का सामना करना बहुत कठिन हो रहा है।