Home » सीएम हेमंत सोरेन ने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की दिवंगत पुत्री तृषा सिंह को दी श्रद्धांजलि |
सीएम हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की दिवंगत पुत्री तृषा सिंह को दी श्रद्धांजलि !
रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन और उनकी धर्मपत्नी व विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन सोमवार को स्मार्ट सिटी, रांची स्थित आवास पर पहुंचे। वे राज्य सरकार की मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह की स्वर्गीय पुत्री तृषा सिंह के द्वादशा कार्यक्रम एवं ब्रह्मभोज में शामिल हुए।
दिवंगत आत्मा की शांति के लिए की प्रार्थना
आवास पहुंचने पर मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने स्वर्गीय तृषा सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
मौके पर गांडेय विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन ने भी स्वर्गीय तृषा सिंह की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर अपनी नम आंखों से श्रद्धांजलि दी।
शोकाकुल परिजनों को बंधाया ढांढस
द्वादशा एवं ब्रह्मभोज कार्यक्रम में शामिल होकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह तथा उनके परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की। दोनों ने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें इस अपूरणीय क्षति से उबरने के लिए ढांढस बंधाया।
कार्यक्रम में कई अन्य गणमान्य व्यक्ति, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे और सभी ने स्वर्गीय तृषा सिंह को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।