Home » वाराणसी में UP ATS का बड़ा एक्शन: 30 लाख का इनामी TSPC सुप्रीमो बृजेश गंझू एनकाउंटर में ढेर
वाराणसी में UP ATS का बड़ा एक्शन: 30 लाख का इनामी TSPC सुप्रीमो बृजेश गंझू एनकाउंटर में ढेर !
वाराणसी / चतरा: उत्तर प्रदेश एटीएस (UP ATS) को रविवार तड़के एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। झारखंड में सक्रिय प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन ‘तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी’ (TSPC) के सुप्रीमो और खूंखार उग्रवादी बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता को वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में मार गिराया गया।
मारे गए उग्रवादी कमांडर पर कुल 30 लाख रुपये का इनाम घोषित था, जिसमें झारखंड सरकार की तरफ से 25 लाख रुपये और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) द्वारा 5 लाख रुपये का इनाम शामिल था। बृजेश गंझू लंबे समय से झारखंड पुलिस और एनआईए की मोस्ट वांटेड सूची में बना हुआ था।
तड़के 5 बजे एटीएस ने की घेराबंदी
एटीएस के डिप्टी एसपी विपिन राय से मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि झारखंड का मोस्ट वांटेड उग्रवादी बृजेश गंझू वाराणसी के रामनगर क्षेत्र में स्थित लंका मैदान के पास टेंगरा मोड़ से मुगलसराय की तरफ जाने वाला है। सूचना मिलते ही एटीएस की टीम ने तड़के करीब 5 बजे क्षेत्र की कड़ी घेराबंदी कर दी।
इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा। जब एटीएस की टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, तो उसने पुलिसबल पर अंधाधुंध ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में लगा निशाना, अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
उग्रवादी द्वारा अचानक की गई गोलीबारी के बाद एटीएस टीम ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई कई राउंड की गोलीबारी में बृजेश गंझू को गोलियां लगीं और वह सड़क पर गिर पड़ा। एटीएस की टीम उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तलाशी और जांच के बाद मृतक की शिनाख्त झारखंड के चतरा जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लुटू निवासी बृजेश गंझू के रूप में हुई।
बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई अधिकारियों की जान
मुठभेड़ के दौरान उग्रवादी द्वारा दागी गई गोलियां एटीएस के डिप्टी एसपी विपिन राय और हेड कांस्टेबल नितेंद्र कृष्ण की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं। बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने की वजह से दोनों अधिकारियों की जान बाल-बाल बच गई। एहतियात के तौर पर दोनों को चिकित्सीय जांच और उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियों में हलचल तेज, सर्च ऑपरेशन जारी
घटना के बाद से ही स्थानीय पुलिस और एटीएस की संयुक्त टीमें क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान (Search Operation) चला रही हैं। बृजेश गंझू के मारे जाने की खबर से उत्तर प्रदेश और झारखंड की सुरक्षा एजेंसियों में हलचल तेज हो गई है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि बृजेश गंझू पूर्वांचल में किस मकसद से छिपा हुआ था और उसे यहां किन स्थानीय लोगों का समर्थन मिल रहा था। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।