Home » “अयोध्या गए पर राम मंदिर नहीं गए”: दिनेश लाल यादव निरहुआ का अखिलेश पर तीखा हमला, बोले- 2027 में हारेंगे तब जाएंगे !
अयोध्या गए पर राम मंदिर नहीं गए”: दिनेश लाल यादव निरहुआ का अखिलेश पर राजनीतिक हमला, बोले- 2027 में हारेंगे तब जाएंगे !
झांसी / लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के हालिया अयोध्या दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद व भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने उन पर जोरदार हमला बोला है। झाँसी पहुँचे निरहुआ ने अखिलेश यादव के रामलला के दर्शन न करने पर तंज कसते हुए कहा कि विपक्षी नेताओं की सनातन और पूजा-पाठ में कोई आस्था ही नहीं है।
“अयोध्या जाकर भी राम मंदिर से दूरी क्यों?”
पत्रकारों से बातचीत करते हुए दिनेश लाल यादव निरहुआ ने कहा कि सपा प्रमुख अयोध्या में एक कार्यक्रम में शामिल होने तो पहुँचे, लेकिन उन्होंने श्री राम जन्मभूमि मंदिर जाकर प्रभु रामलला के दर्शन करना उचित नहीं समझा।
निरहुआ ने तीखा हमला बोलते हुए कहा:
“अखिलेश यादव अयोध्या गए, लेकिन श्री राम मंदिर नहीं गए। इनकी सनातन धर्म और पूजा-पाठ में आस्था ही नहीं है। जब 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में ये बुरी तरह हारेंगे, तब जाकर प्रभु राम की याद आएगी और ये अयोध्या दर्शन करने जाएंगे।”
PDA पर तंज: बताया ‘परिवारवादी डकैत पार्टी’
सपा के चर्चित ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नारे पर सवाल पूछे जाने पर निरहुआ ने आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के लिए PDA का मतलब केवल “परिवारवादी डकैत पार्टी” है, जिसने अपने शासनकाल में उत्तर प्रदेश के संसाधनों को लूटने का काम किया।
वहीं यादव समाज के राजनीतिक रुख पर बात करते हुए निरहुआ ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश का यादव समाज अब समझदार हो चुका है। अब यादव समुदाय किसी एक पार्टी की बंधक राजनीति के साथ नहीं, बल्कि देश और प्रदेश के विकास और भलाई के लिए काम करने वाली सरकार के साथ खड़ा है।
2027 में फिर बनेगी भाजपा सरकार: निरहुआ
आगामी विधानसभा चुनाव पर अपनी बात रखते हुए निरहुआ ने विश्वास व्यक्त किया कि 2027 में उत्तर प्रदेश में एक बार फिर पूर्ण बहुमत से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी और योगी आदित्यनाथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल चाहे जितना जोर लगा लें या शोर मचा लें, जनता विकास और सुरक्षा के नाम पर ही अपना जनादेश देगी।