Home » 2029 में झारखंड फतह से कोई नहीं रोक सकता: भाजपा प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल !
2029 में झारखंड फतह से कोई नहीं रोक सकता: भाजपा प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल !
रांची: भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त झारखंड प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि कार्यकर्ताओं को सिर्फ कदम बढ़ाने की जरूरत है; वर्ष 2029 में झारखंड फतह करने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि झारखंड हमारे लिए एक महत्वपूर्ण राज्य है और यहाँ मिले दायित्वों का सभी को पूरी ईमानदारी से निर्वहन करना होगा।
गजेंद्र सिंह पटेल भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित अभिनंदन समारोह, प्रदेश पदाधिकारी बैठक एवं ‘सेवा संकल्प अभियान’ की प्रदेश स्तरीय बैठक को संबोधित कर रहे थे।
दृढ़ संकल्प से बदलेंगे झारखंड की दिशा और दशा
कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए प्रदेश प्रभारी पटेल ने कहा, “जब हमने दृढ़ संकल्प लेकर पश्चिम बंगाल और दिल्ली में सफलता हासिल की, तो झारखंड में तो हम पहले भी कई बार सरकार बना चुके हैं। फिर यह प्रदेश दोबारा क्यों नहीं जीत सकते? हम सभी को मिलकर झारखंड को गढ़ना है और इसकी दशा-दिशा बदलनी है।”
उन्होंने कहा कि पार्टी अपनी खूबियों और कमियों की ईमानदारी से समीक्षा करेगी। काम केवल राजधानी मुख्यालय तक सीमित न रहकर जिला, विधानसभा और जरूरत पड़ने पर मंडल स्तर तक सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ किया जाएगा।
कार्यकर्ताओं के बल पर खड़ी है भाजपा
गजेंद्र सिंह पटेल ने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि वे उनके मार्गदर्शन और सहयोग के लिए हमेशा उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा, “आप लोग बिना किसी झिझक के अपने सुझाव साझा कर सकते हैं। सब कुछ झारखंड के कार्यकर्ताओं को ही करना है, हम केवल रास्ता बनाएंगे। अगर भाजपा के कार्यकर्ता कुछ ठान लें तो कुछ भी असंभव नहीं है।”
इसके साथ ही उन्होंने 15 नवंबर को आने वाले जनजातीय गौरव दिवस को झारखंड में भव्य रूप से मनाने का आह्वान किया।
बिरसा मुंडा की पावन धारा को नमन कर की शुरुआत: आदित्य साहू
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश प्रभारियों ने अपने कार्यकाल की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली जाकर पवित्र मिट्टी को नमन करके की है, जो अत्यंत सराहनीय है।
साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे कार्यक्रमों की समीक्षा की और 7 अक्टूबर को होने वाले आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की।
‘बूथ मजबूत होगा, तभी मिलेगी जीत’: पवन साय
संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि संगठन का विस्तार एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनाव जीतने का मूल मंत्र देते हुए बूथ मजबूती पर सबसे ज्यादा जोर दिया।
मोदी सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि गरीबों को मुफ्त गैस कनेक्शन, बिजली, पक्की सड़कें और आयुष्मान भारत योजना के तहत ₹5 लाख तक का मुफ्त इलाज जैसी कल्याणकारी योजनाएं सीधे जनता तक पहुंची हैं।
निवर्तमान संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह को दी गई विदाई
बैठक के दौरान निवर्तमान संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह को उनके नए दायित्व और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए भावभीनी विदाई दी गई। कर्मवीर सिंह ने भी आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की।
इससे पहले प्रदेश कार्यालय पहुँचने पर प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारियों का पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया। नेताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
उपस्थिति:
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने किया। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, सह-प्रभारी सौरभ सिंह व निवेदिता सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, केंद्रीय मंत्री संजय सेठ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, रवींद्र राय सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक एवं कार्यकर्ता (प्रत्यक्ष एवं वर्चुअल माध्यम से) मौजूद रहे।