Home » झारखंड में महिलाओं और आदिवासी बेटियों के उत्पीड़न पर बीजेपी एसटी मोर्चा का राजभवन को ज्ञापन |
झारखंड में महिलाओं और आदिवासी बेटियों पर बढ़ते अत्याचार: बीजेपी एसटी मोर्चा ने महामहिम राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन, उच्चस्तरीय जांच की मांग !
राँची: भारतीय जनता पार्टी (BJP) अनुसूचित जनजाति (ST) मोर्चा, झारखण्ड प्रदेश के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में महिलाओं और आदिवासी बहन-बेटियों के खिलाफ बढ़ रहे गंभीर अपराधों को लेकर चिंता जताई है। प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल महोदय, लोक भवन, राँची को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले में उच्चस्तरीय, निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में राज्य की कानून-व्यवस्था, पुलिस प्रशासन की कार्यशैली और पॉक्सो (POCSO) कानून के कथित उल्लंघन पर कड़े सवाल खड़े किए गए हैं।
ज्ञापन में उठाए गए प्रमुख और गंभीर मामले
बीजेपी एसटी मोर्चा द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में हाल ही की चार प्रमुख घटनाओं का विशेष उल्लेख किया गया है:
1. नाबालिग आदिवासी किशोरी यौन शोषण मामला (कांग्रेस विधायक से जुड़ा संदर्भ):
राँची में सिमडेगा की 14 वर्षीय आदिवासी किशोरी के साथ यौन शोषण, मारपीट, गर्भपात और जान से मारने की धमकी के गंभीर आरोप कांग्रेस विधायक श्री भूषण बाड़ा पर लगे हैं। पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी न होने और पीड़िता को कथित रूप से आरोपी के आवास पर ले जाए जाने की घटना पर पुलिस की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं।
2. युवा आदिवासी नेत्री निशा भगत की दुखद मृत्यु:
दिनांक 6 नवंबर 2026 को युवा आदिवासी नेत्री निशा भगत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु की उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है। उनके पिता श्री हांदू भगत द्वारा भूमि माफियाओं के खिलाफ संघर्ष और प्रशासन द्वारा अपेक्षित कार्रवाई न किए जाने के आरोप लगाए गए हैं।
3. गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ दुष्कर्म का आरोप:
सरायकेला खरसावाँ जिले के गम्हरिया थाना परिसर में न्याय की गुहार लगाने पहुँची एक महिला के साथ पुलिसकर्मी द्वारा ही दुष्कर्म किए जाने का बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जिससे पुलिस व्यवस्था पर से जनता का विश्वास डगमगाने लगा है।
4. गोड्डा के सुंदरपहाड़ी मिशन से संबंधित गंभीर आरोप:
गोड्डा जिले के सुंदरपहाड़ी क्षेत्र के एक मिशन से जुड़े फादर थॉमस सोरेन पर आदिवासी युवती को नौकरी का प्रलोभन देकर यौन शोषण करने, गर्भपात कराने और विरोध करने पर धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की अपील
बीजेपी एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो (Sunny Toppo) एवं अन्य प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने महामहिम राज्यपाल से आग्रह किया है कि राज्य के संवैधानिक अभिभावक के रूप में वे इन सभी मामलों में संवेदनशीलता दिखाते हुए आवश्यक हस्तक्षेप करें।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की है कि राज्य सरकार और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को यह निर्देश दिए जाएं कि सभी मामलों की पारदर्शी व उच्चस्तरीय जांच हो, पीड़ितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और दोषियों के खिलाफ बिना किसी राजनीतिक दबाव के विधिसम्मत कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि झारखंड की जनता का न्याय और सुशासन के प्रति विश्वास बना रहे।