Home » हेमंत सोरेन ने की सोनिया गांधी की जमकर तारीफ, बोले- दूसरे देश से आकर भारत की संस्कृति में रम जाना कोई आम बात नहीं !
रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब की लॉन्चिंग में शामिल होने के बाद अपनी प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री ने सोनिया गांधी के राजनीतिक और व्यक्तिगत जीवन की तारीफ करते हुए कहा कि उनका अपना एक अलग इतिहास रहा है। उन्होंने खुशी जताई कि सोनिया गांधी के जीवन के विभिन्न पहलुओं और अनुभवों को अब एक किताब के माध्यम से सबके सामने लाया गया है।
सोनिया गांधी के व्यक्तित्व की सराहना करते हुए सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि हर व्यक्ति अपने आप में अलग होता है, लेकिन सोनिया गांधी उन चुनिंदा लोगों में से हैं जिन्होंने अपनी एक विशिष्ट पहचान और मजबूत छवि गढ़ी है। उन्होंने उनके विदेशी मूल से जुड़े सफर का जिक्र करते हुए कहा कि अपना देश छोड़कर दूसरे देश में आना और फिर पूरी तरह से वहां की संस्कृति, समाज और जीवन शैली का हिस्सा बन जाना कोई आम बात नहीं है। सोनिया गांधी का भारत आना और यहीं की होकर रह जाना किसी से छिपा नहीं है।
इस कार्यक्रम के दौरान झारखंड के मुख्यमंत्री की यह प्रतिक्रिया राजनीतिक गलियारों में काफी चर्चा का विषय बनी हुई है, जहां उन्होंने सोनिया गांधी के लंबे राजनीतिक सफर और उनके व्यक्तिगत संघर्षों को एक मिसाल के तौर पर रेखांकित किया।