राष्ट्रीय मंत्री बनने के बाद पहली बार भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे डॉ. प्रदीप वर्मा, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत !
रांची। भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कमेटी में मंत्री नियुक्त होने के बाद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा पहली बार भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे। नवीन दायित्व संभालने के बाद प्रदेश कार्यालय आगमन पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका ढोल-नगाड़ों और पुष्पगुच्छ देकर आत्मीय स्वागत किया।

कार्यालय पहुंचते ही डॉ. प्रदीप वर्मा ने सर्वप्रथम पार्टी के पथ प्रदर्शक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और आशीर्वाद लिया।
अनुभव और नेतृत्व क्षमता से संगठन को मिलेगी मजबूती: आदित्य साहू
स्वागत कार्यक्रम के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने डॉ. वर्मा को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके दीर्घकालिक अनुभव और कुशल नेतृत्व क्षमता से पार्टी को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी मिलना संगठन के प्रति डॉ. वर्मा की निष्ठा, समर्पण और कार्यक्षमता का सम्मान है। श्री साहू ने इस महत्वपूर्ण नियुक्ति के लिए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का आभार भी व्यक्त किया।
वहीं, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि डॉ. प्रदीप वर्मा के संगठनात्मक अनुभव से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा और पार्टी की नींव और अधिक मजबूत होगी।
कार्यकर्ताओं के स्नेह और मेहनत का सम्मान: डॉ. प्रदीप वर्मा
अपने संबोधन में डॉ. प्रदीप वर्मा ने केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा, “शीर्ष नेतृत्व द्वारा सौंपा गया यह अहम दायित्व केवल एक पद या सम्मान नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। भाजपा एक कार्यकर्ता-आधारित संगठन है, जहाँ कड़ी मेहनत और समर्पण के बल पर एक साधारण कार्यकर्ता भी उच्च पद तक पहुँच सकता है।”
उन्होंने कहा कि यह दायित्व उनका व्यक्तिगत सम्मान न होकर झारखंड के समस्त भाजपा कार्यकर्ताओं के स्नेह और परिश्रम का सम्मान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका मुख्य फोकस संगठन के विस्तार और उसकी मजबूती पर रहेगा, जिसके लिए वे पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। डॉ. वर्मा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह समेत सभी वरिष्ठ नेताओं का धन्यवाद व्यक्त किया।
स्वागत समारोह में वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
इस अवसर पर पार्टी के कई प्रमुख पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। स्वागत करने वालों में मुख्य रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, मुनेश्वर साहू, दीपक बंका, हेमंत दास, सूरज चौरसिया, अशोक बड़ाईक, केके गुप्ता, शोभा यादव, नीरज सिंह, सूरज शाहदेव, राहुल अवस्थी, रजनीश पांडे, रमेश सिंह, राकेश भास्कर, ललित ओझा, शशि भूषण भगत, पंकज सिन्हा, गोपाल सोनी और इंद्रजीत यादव शामिल थे।














