Home » दीपक प्रकाश का झारखंड सरकार पर बड़ा हमला: न्यूज चैनल के दफ्तर में पुलिसिया कार्रवाई को बताया ‘आपातकाल की पुनरावृत्ति’
रांची: झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने पार्टी कार्यालय में एक प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए राज्य की हेमंत सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा मामले को उजागर करने वाले एक प्रतिष्ठित समाचार चैनल के कार्यालय में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई को ‘गुंडाराज’ और ‘आपातकाल की पुनरावृत्ति’ करार दिया है।
लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला
दीपक प्रकाश ने कहा कि सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर एक नाबालिग आदिवासी बालिका ने दुष्कर्म और यौन शोषण का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले में बीएनएस की धारा 183 के तहत जब पीड़िता का न्यायिक दंडाधिकारी के सामने बयान दर्ज हुआ, तो सरकार और कांग्रेस पार्टी बौखला गई। उन्होंने रांची और सिमडेगा पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि सादे लिबास में पुलिसकर्मी बिना सर्च वारंट के रात के वक्त न्यूज चैनल के दफ्तर में घुसे और भयादोहन किया। यह सीधे तौर पर मीडिया की आवाज दबाने और साक्ष्य मिटाने की साजिश है।
विधायक पर पहले से भी हैं गंभीर आरोप
भाजपा नेता ने दावा किया कि आरोपी विधायक भूषण बाड़ा आदतन इस तरह के कृत्यों में लिप्त रहे हैं। उन्होंने 2019 और 2024 के चुनाव आयोग के हलफनामों का हवाला देते हुए कहा कि विधायक पर पहले से ही एमएलए/एमपी केस संख्या 5/21 और सिमडेगा महिला थाना कांड संख्या 320/19 जैसे मामले दर्ज हैं। उन्होंने सिमडेगा के एसपी और डीसी पर भी विधायक को संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाया।
राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व से तीखे सवाल
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और पार्टी पर निशाना साधते हुए दीपक प्रकाश ने पूछा कि ऐसे दागदार और यौन शोषण के आरोपी विधायक को पार्टी ने किस आधार पर टिकट दिया? उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “क्या राहुल गांधी की ‘मोहब्बत की दुकान’ में अब यौन शोषण को भी जगह मिल गई है?” उन्होंने कांग्रेस से मांग की कि आरोपी विधायक पर जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए।
पत्रकारों पर हो रही दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई
दीपक प्रकाश ने राज्य सरकार पर मीडिया को प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए कई पत्रकारों और मीडिया संस्थानों के खिलाफ दर्ज मामलों और कार्यवाहियों का भी जिक्र किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला बंद नहीं किया और आरोपी विधायक की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो भारतीय जनता पार्टी सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी।
प्रेसवार्ता के दौरान उनके साथ प्रदेश मंत्री अमरदीप यादव और मीडिया सह-प्रभारी नीरज सिंह भी मौजूद रहे।