Home » झारखण्ड स्थापना दिवस 2026: विधानसभा अध्यक्ष ने भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर दी श्रद्धांजलि !
झारखण्ड स्थापना दिवस 2026: विधानसभा अध्यक्ष ने भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर अर्पित किए श्रद्धासुमन !
राँची: झारखण्ड राज्य स्थापना दिवस और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आज झारखण्ड विधान सभा परिसर में एक भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विधानसभा परिसर में स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माननीय अध्यक्ष, झारखण्ड विधान सभा, श्री रबीन्द्र नाथ महतो ने माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस गरिमामयी अवसर पर झारखंड विधान सभा के प्रभारी सचिव श्री रनजीत कुमार सहित विधान सभा के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
समस्त राज्यवासियों को दी शुभकामनाएं
राज्य स्थापना दिवस की पावन बेला पर विधानसभा अध्यक्ष श्री रबीन्द्र नाथ महतो ने प्रदेश के समस्त नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में भगवान बिरसा मुंडा के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए कहा कि वे भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के ऐसे महान नायक थे, जिन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के शोषण, अत्याचार और अन्याय के खिलाफ जनता के बीच गहरी जनचेतना जागृत की थी।
‘उलगुलान’ अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का प्रतीक
अध्यक्ष महतो ने आगे कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज को उनके अधिकारों और स्वाभिमान की रक्षा के लिए एकजुट किया। उनके नेतृत्व में हुआ ऐतिहासिक ‘उलगुलान’ (विद्रोह) अन्याय के विरुद्ध संघर्ष और स्वतंत्रता की प्रबल आकांक्षा का जीवंत प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि झारखण्ड की सांस्कृतिक अस्मिता, जनजातीय गौरव और सामाजिक चेतना के निर्माण में धरती आबा का योगदान अतुलनीय है। उनके विचारों और संघर्षों ने ही राज्य के अलग पहचान और अस्तित्व को वैचारिक आधार प्रदान किया है।
समृद्ध और विकसित झारखण्ड का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में माननीय अध्यक्ष ने सभी से आह्वान किया कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें। उन्होंने कहा कि हमें एक समृद्ध, समावेशी और विकसित झारखण्ड के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए।