Home » निशा भगत मौत मामले में CBI का बड़ा एक्शन! अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के घर छापेमारी, FIR दर्ज !
रांची: झारखंड की चर्चित सामाजिक कार्यकर्ता और आदिवासी नेता निशा भगत की संदिग्ध मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने जांच अपने हाथ में लेते ही ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है। केंद्रीय गृह मंत्रालय से स्वीकृति मिलने के बाद CBI ने इस मामले को टेकओवर कर लिया है और केस नंबर RC0482026S0007 के तहत नई प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है।
अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के आवास पर CBI की दबिश
मामला दर्ज करने के तुरंत बाद CBI की टीम एक्शन मोड में नजर आई। CBI के पुलिस अधीक्षक (SP) के नेतृत्व में 6 सदस्यों की एक विशेष टीम ने अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा के आवास पर दबिश दी। जांच एजेंसी की टीम ने दोनों आरोपियों से उनके घर पर घंटों तक गहन पूछताछ की और मामले से जुड़े अहम दस्तावेजों व सबूतों को खंगाला।
BNS, 2023 की धाराओं में दर्ज हुआ केस
इससे पहले यह मामला रांची के पिठोरिया थाने में दर्ज था, जिसे अब नई दिल्ली स्थित CBI की विशेष अपराध इकाई (SC-I) ने पुनः पंजीकृत किया है। CBI ने इस प्रकरण में अजय तिर्की, ज्योत्सना केरकेट्टा और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की प्रासंगिक धाराओं (धारा 108 – आत्महत्या के लिए उकसाने और धारा 61(2) – आपराधिक साजिश) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
लाइव वीडियो में लगाए थे गंभीर आरोप
गौरतलब है कि 6 नवंबर 2026 को निशा भगत ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर खुदकुशी कर ली थी। लाइव प्रसारण के दौरान निशा ने बेहद भावुक होकर जमीन विवाद, भू-माफियाओं की प्रताड़ना और प्रशासनिक अनदेखी का जिक्र करते हुए अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा का नाम लिया था। इस घटना के बाद पूरे राज्य में आक्रोश फैल गया था और विपक्षी दलों समेत निशा के परिजनों ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई थी।
सीएम हेमंत सोरेन ने की थी सिफारिश
मामले की गंभीरता और बढ़ते राजनीतिक दबाव को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने निशा भगत की मौत की CBI जांच कराने की सिफारिश केंद्र सरकार को भेजी थी। केंद्र और गृह मंत्रालय से हरी झंडी मिलते ही CBI ने केस को अपने अधीन लेकर जांच की रफ्तार तेज कर दी है। आने वाले दिनों में इस हाई-प्रोफाइल मामले में कई अन्य लोगों से भी पूछताछ और बड़े खुलासे होने की संभावना है।