Home » झारखंड में सियासी हलचल: राज्यपाल से मिला BJP प्रतिनिधिमंडल, छात्र आंदोलन और बिगड़ते हालात पर दखल की मांग
रांची: झारखंड की वर्तमान राजनीतिक परिस्थिति और पिछले 24 दिनों से जारी छात्र आंदोलन के बीच भारतीय जनता पार्टी के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने राजभवन (लोकभवन) जाकर महामहिम राज्यपाल से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अहम मुलाकात में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
भाजपा नेताओं ने राज्यपाल को राज्य में उपजे तनावपूर्ण माहौल और छात्रों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों से अवगत कराते हुए मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने का आग्रह किया।
“छात्रों की स्थिति नाजुक, वार्ता के नाम पर छलावा कर रही सरकार”
मुलाकात के बाद भाजपा नेताओं ने मीडिया से बातचीत में राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा अपनी जायज मांगों को लेकर पिछले तीन हफ्तों से अधिक समय से रांची की सड़कों पर न्याय की गुहार लगा रहे हैं। आमरण अनशन पर बैठे कई छात्रों का स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
“राज्य सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। समाधान निकालने के बजाय सिर्फ बातचीत के नाम पर छात्रों को गुमराह किया जा रहा है।”
— भाजपा प्रतिनिधिमंडल
राज्यपाल ने दिया पैनी नजर का आश्वासन
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल से अपील की कि वे अपने संवैधानिक अधिकारों का उपयोग करते हुए इस गतिरोध को खत्म कराएं और सरकार को ठोस कदम उठाने का निर्देश दें, ताकि आंदोलनरत छात्रों की मांगों पर संवेदनशीलता से विचार कर कोई स्थायी समाधान निकल सके।
तमाम मुद्दों को गंभीरता से सुनने के बाद राज्यपाल ने भाजपा नेताओं को आश्वस्त किया कि वे राज्य के वर्तमान हालात और छात्र आंदोलन से जुड़ी हर परिस्थिति पर लगातार पैनी नजर बनाए हुए हैं।