Home » झारखण्ड SIR 2026: मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और सुधार का अंतिम मौका, 30 सितंबर तक भरें फॉर्म
झारखण्ड SIR 2026: मतदाता सूची में नाम जोड़ने और सुधार के लिए बचे केवल 7 दिन, 30 सितम्बर अंतिम तिथि !
रांची। झारखण्ड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, आपत्ति दर्ज कराने, विवरण में सुधार करने या स्थान परिवर्तन के लिए अब बहुत कम समय बचा है। दावा और आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 30 सितम्बर 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद नागरिकों को अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) झारखण्ड, श्री के. रवि कुमार ने राज्य के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपना आवेदन और आवश्यक दस्तावेज जमा करें।
30 सितम्बर के बाद शुरू होगी आगे की प्रक्रिया
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि 30 सितम्बर के बाद निर्वाचन मशीनरी अगले चरण के कार्यों में जुट जाएगी। इसके तहत प्राप्त आवेदनों का डिजिटाइजेशन, दस्तावेजों की जांच, आवश्यकतानुसार नोटिस जारी करना, सुनवाई और अंत में अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसलिए पात्र नागरिकों के लिए वर्तमान चरण सबसे महत्वपूर्ण है।
किस काम के लिए कौन सा फॉर्म भरें?
फॉर्म-6 (नया नाम जोड़ने हेतु): जिन पात्र नागरिकों या युवाओं का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 और आवश्यक घोषणा पत्र जमा करें।
फॉर्म-7 (नाम विलोपित/आपत्ति हेतु): यदि किसी नाम पर आपत्ति है या नाम हटवाना है तो फॉर्म-7 भरें। सीईओ ने स्पष्ट किया कि केवल फॉर्म-7 जमा करने से नाम स्वतः नहीं हटेगा, पूरी जांच और सुनवाई के बाद ही निर्णय लिया जाएगा।
फॉर्म-8 (सुधार और स्थानांतरण हेतु): मतदाता सूची में दर्ज नाम, पते या अन्य विवरणों में सुधार कराने या नाम स्थानांतरित करने के लिए फॉर्म-8 का उपयोग करें।
आवेदन कैसे करें?
नागरिक अपने आवेदन दो माध्यमों से जमा कर सकते हैं:
ऑनलाइन: ECINET Portal के माध्यम से घर बैठे।
ऑफलाइन: अपने क्षेत्र के संबंधित बीएलओ (BLO) के सहयोग से।
राजनीतिक दलों और अधिकारियों से सहयोग की अपील
श्री के. रवि कुमार ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों, बूथ लेवल एजेंटों (BLA), बीएलओ और निर्वाचन अधिकारियों से अनुरोध किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान चलाकर पात्र नागरिकों, विशेषकर युवा मतदाताओं को जागरूक करें और समय पर फॉर्म भरवाने में मदद करें।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने दोहराया कि SIR-2026 का मुख्य उद्देश्य एक शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन मतदाता सूची तैयार करना है ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।