Home » JSSC CGL Controversy: ‘कल सचिवालय कर्मी, आज सड़क पर’… प्रोजेक्ट भवन के बाहर CGL पास अभ्यर्थियों का भारी प्रदर्शन
कल तक सचिवालय कर्मी थे, आज सड़क पर खड़े हैं… प्रोजेक्ट भवन के बाहर CGL पास अभ्यर्थियों का भारी आक्रोश !
रांची: राजधानी स्थित झारखंड मंत्रालय (प्रोजेक्ट भवन) के बाहर मंगलवार को उस समय स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई, जब बड़ी संख्या में CGL पास अभ्यर्थी प्रदर्शन करने सड़क पर उतर आए। कल तक इसी प्रोजेक्ट भवन में निष्ठापूर्वक कार्य कर रहे कर्मचारी आज अचानक प्रशासनिक आदेश के बाद बेघर और बेबस महसूस कर रहे हैं।
सरकार के इस अचानक आए फैसले को लेकर अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी है। प्रोजेक्ट भवन के मुख्य द्वार को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और केवल पुराने अधिकारियों व कर्मचारियों को ही उनके पहचान पत्र (ID Card) की जांच के बाद अंदर जाने दिया जा रहा है। CGL पास अभ्यर्थियों के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है।
केंद्र की नौकरी छोड़ आए थे अपने राज्य: अभ्यर्थी
सड़क पर उतरे अभ्यर्थियों का दर्द साफ छलक रहा है। आक्रोशित अभ्यर्थियों का कहना है, “हमने अपने राज्य में सेवा देने के उद्देश्य से केंद्र सरकार और अन्य विभागों की अच्छी-खासी नौकरियां छोड़ दी थीं। लेकिन अब सरकार ने बिना हमारा पक्ष सुने ही एक झटके में नौकरी रद्द करने का फरमान जारी कर दिया। कल तक हम सचिवालय के सम्मानित कर्मी थे और आज हमें सड़क पर खड़ा कर दिया गया है। सरकार का यह फैसला पूरी तरह से तुगलकी फरमान है।”
प्रोजेक्ट भवन के बाहर सुरक्षा बल तैनात, माहौल तनावपूर्ण
गेट के बाहर अभ्यर्थियों के एकत्र होने से अफरा-तफरी का माहौल है। अभ्यर्थी लगातार सरकार विरोधी नारे लगा रहे हैं और अपना हक वापस मांगने पर अड़े हैं। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए प्रोजेक्ट भवन परिसर के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। अभ्यर्थियों का स्पष्ट कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं होती और इस फैसले को वापस नहीं लिया जाता, उनका विरोध जारी रहेगा।