Home » JSSC CGL रिजल्ट रद्द होने पर फूटा अभ्यर्थियों का गुस्सा, प्रोजेक्ट भवन के बाहर पहुंचे छात्र
JSSC CGL परीक्षा रद्द होने पर प्रोजेक्ट भवन के बाहर अभ्यर्थियों का जोरदार प्रदर्शन, बोले— ‘CBI जांच कराइए, लेकिन अन्याय मत कीजिए’
रांची: JSSC CGL परीक्षा पास कर चुके अभ्यर्थियों का गुस्सा राज्य सरकार के खिलाफ फूट पड़ा है। परीक्षा रद्द करने के फैसले से आक्रोशित अभ्यर्थी सोमवार को अपनी मांगों को लेकर रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन के बाहर एकजुट हुए और जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। हाथों में अपने शैक्षणिक दस्तावेज और सर्टिफिकेट लेकर पहुंचे अभ्यर्थियों ने सरकार से फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की।
“हम हर जांच के लिए तैयार हैं, हमारे साथ अन्याय न हो”
प्रदर्शन के दौरान एक भावुक अभ्यर्थी ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा, “हम लोग हर तरह की जांच के लिए तैयार हैं। आप जांच कीजिए, जो दोषी है उस पर कड़ी कार्रवाई कीजिए, लेकिन कुछ गलत लोगों की वजह से हमारे साथ ऐसा अन्याय मत कीजिए। मैं अपने सारे दस्तावेज लेकर आया हूं… आप CBI जांच करवाइए या जो करना है कीजिए, मगर हमारे भविष्य को बर्बाद मत कीजिए। हम लोग मर जाएंगे।”
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगें:
दोषियों पर कार्रवाई: धांधली या गड़बड़ी में शामिल लोगों की पहचान कर उन पर कानूनी शिकंजा कसा जाए।
निष्पक्ष जांच: परीक्षा को पूरी तरह रद्द करने के बजाय एजेंसी या प्रक्रिया की उच्चस्तरीय (CBI) जांच कराई जाए।
सफल छात्रों का समायोजन: कठिन परिश्रम से परीक्षा पास करने वाले योग्य अभ्यर्थियों के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
फैसले से भविष्य अधर में
प्रोजेक्ट भवन के बाहर सुरक्षा बल तैनात हैं, वहीं अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं। छात्रों का कहना है कि सालों की मेहनत और लगन के बाद उन्होंने यह परीक्षा पास की थी। अब अचानक परीक्षा रद्द कर दिए जाने से न केवल उनका करियर दांव पर लग गया है, बल्कि वे मानसिक तनाव से भी गुजर रहे हैं।