Home » केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का 8 अक्टूबर को रांची दौरा: केंद्रीय योजनाओं की करेंगे समीक्षा, कृषि विभाग तैयारियों में जुटा !
8 अक्टूबर को रांची आएंगे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, कृषि योजनाओं की समीक्षा के लिए विभाग की तैयारियां तेज !
रांची: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान आगामी 8 अक्टूबर को रांची दौरे पर आ रहे हैं। उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर झारखंड कृषि विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। दौरे की तैयारियों का जायजा लेने के लिए कृषि निदेशक विद्यानंद शर्मा पंकज की अध्यक्षता में कृषि निदेशालय में विभागीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
विभागीय योजनाओं की प्रगति और तैयारियों की समीक्षा
बैठक के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री के स्वागत और कार्यक्रम से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान राज्य में संचालित कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति, किसानों के हित से जुड़ी गतिविधियों और केंद्रीय मंत्री के समक्ष प्रस्तुत किए जाने वाले मुख्य विषयों पर चर्चा हुई। कृषि निदेशक ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से जुड़े सभी इंतजाम समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं ताकि केंद्रीय मंत्री के समक्ष योजनाओं की अद्यतन और व्यवस्थित जानकारी रखी जा सके।
आपसी समन्वय के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश
कृषि निदेशक विद्यानंद शर्मा पंकज ने अधिकारियों को ताकीद की कि केंद्रीय मंत्री के आगमन के दौरान योजनाओं के क्रियान्वयन और किसानों तक उनके लाभ के पहुँचने से संबंधित सभी आंकड़े स्पष्ट और अद्यतन होने चाहिए। उन्होंने सभी विभागों के बीच आपसी समन्वय बनाकर काम करने पर जोर दिया ताकि आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
शिल्पी नेहा तिर्की और शिवराज सिंह चौहान करेंगे समीक्षा
कृषि निदेशक ने जानकारी देते हुए बताया कि 8 अक्टूबर को रांची में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की संयुक्त रूप से केंद्र प्रायोजित कृषि योजनाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करेंगे। बैठक की पूर्व तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मंगलवार को भी एक विशेष बैठक बुलाई गई है, ताकि निदेशालय स्तर पर किसी भी प्रकार की कमी न रहे।