Home » मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार की अपील— ECINET या BLO के माध्यम से जल्द करें आवेदन, केवल 2 दिन शेष।
झारखंड voter list revision 2026: नाम जोड़ने और सुधार के लिए बचे हैं सिर्फ 2 दिन, 30 सितंबर अंतिम तिथि !
रांची: झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत मतदाता सूची (Voter List) में नाम दर्ज कराने, आपत्तियों को पंजीकृत करने, किसी नाम को विलोपित कराने या प्रविष्टियों में संशोधन के लिए अब केवल दो दिन का समय शेष बचा है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी का कार्यालय, झारखंड द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार आवेदन और दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 तय की गई है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) श्री के. रवि कुमार ने राज्य के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपना आवेदन पूरा करें।
1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा जरूर भरें फॉर्म-6
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने विशेष रूप से उन युवाओं से आगे आने का आह्वान किया है जो 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं या कर चुके हैं। यदि उनका नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं है, तो वे फॉर्म-6 (Form-6) और आवश्यक घोषणा पत्र जमा कर अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकते हैं।
आवेदन की प्रक्रिया बेहद सरल है—नागरिक ECINET ऐप/पोर्टल का उपयोग करके ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं या फिर अपने क्षेत्र के संबंधित बीएलओ (BLO) की सहायता ले सकते हैं।
फॉर्म-7 और फॉर्म-8 का प्रयोग कैसे करें?
फॉर्म-7 (Form-7): मतदाता सूची में दर्ज किसी नाम पर आपत्ति या नाम हटाने की मांग के लिए इस्तेमाल होता है। CEO ने स्पष्ट किया कि केवल फॉर्म-7 जमा कर देने से नाम स्वतः नहीं कटेगा। पूरी जांच और निर्धारित सुनवाई प्रक्रिया के बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा।
फॉर्म-8 (Form-8): मतदाता सूची के विवरणों में सुधार, पते में बदलाव या स्थान परिवर्तन (Shifting) के लिए फॉर्म-8 का प्रयोग किया जाता है।
30 सितंबर के बाद शुरू होगी अंतिम मतदाता सूची की तैयारी
30 सितंबर तक प्राप्त सभी दावों और आपत्तियों का चुनाव मशीनरी द्वारा डिजिटाइजेशन, आवेदनों की जांच, आवश्यकतानुसार नोटिस और सुनवाई की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद ही अंतिम मतदाता सूची (Final Voter List) का प्रकाशन किया जाएगा।
सामूहिक प्रयास का आह्वान:
श्री के. रवि कुमार ने सभी BLO, BLA, राजनीतिक दलों और चुनाव कर्मियों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाएं। उन्होंने कहा, “हमारा सामूहिक प्रयास होना चाहिए कि जागरूकता या समय-सीमा की कमी के कारण राज्य का कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे।”