Home » राँची: धुर्वा में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के बाहर उग्र हंगामा, उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों से हथियार छीनने का किया प्रयास; FIR दर्ज !
राँची में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के समक्ष उग्र प्रदर्शन: पुलिसकर्मियों से हथियार छीनने का प्रयास, 4 नामजद समेत 150 अज्ञात पर FIR दर्ज !
राँची : राजधानी राँची के धुर्वा (सेक्टर-2) स्थित मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखण्ड के कार्यालय के समक्ष उपद्रवियों द्वारा भारी हंगामा, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। घटना के दौरान प्रदर्शनकारियों द्वारा सुरक्षाबलों से सरकारी शस्त्र छीनने की कोशिश भी की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी सह अरगोड़ा के प्रभारी अंचल निरीक्षक अरविन्द कुमार उपाध्याय के बयान पर जगन्नाथपुर थाना में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई गई है।
सरकारी कार्य बाधित और संपत्ति को नुकसान
दर्ज आवेदन के अनुसार, 06 अक्टूबर 2026 को प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के समक्ष एकत्रित होकर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। इस दौरान उपद्रवियों ने कार्यालय परिसर एवं आसपास की सार्वजनिक व सरकारी संपत्ति को क्षति पहुँचाई और उसे विरूपित किया। चूंकि इस कार्यालय में चुनाव से जुड़े कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील कार्य संचालित होते हैं, इसलिए इस उपद्रव के कारण प्रशासनिक कामकाज पूरी तरह प्रभावित रहा।
पुलिसकर्मियों से हाथापाई और हथियार छीनने की कोशिश
घटनास्थल पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के साथ भीड़ ने अभद्र व्यवहार और बल प्रयोग किया। इतना ही नहीं, कुछ प्रदर्शनकारियों ने ड्यूटी पर तैनात जवानों के सरकारी हथियार (शस्त्र) छीनने का भी प्रयास किया, जिससे मौके पर सुरक्षा व्यवस्था खतरे में पड़ गई।
चार नामजद और 150 अज्ञात पर प्राथमिकी
प्राथमिक जांच और पहचान के आधार पर पुलिस ने निम्नलिखित व्यक्तियों को नामजद किया है:
श्री कुमार राजा
सुश्री शिल्पी वर्मा
श्री गौरव सिंह
श्री सुबोध कान्त सहाय
इन चार नामजद व्यक्तियों के अलावा भीड़ में शामिल लगभग 150 अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भी भारतीय न्याय संहिता (BNS, 2023) की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज करने का अनुरोध किया गया है।
CCTV फुटेज से होगी पहचान, की जाएगी वसूली
दण्डाधिकारी द्वारा दिए गए आवेदन में पुलिस प्रशासन से मांग की गई है कि घटना स्थल के CCTV फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और डिजिटल साक्ष्यों को तत्काल जब्त कर सुरक्षित किया जाए, ताकि उपद्रव में शामिल अन्य अज्ञात लोगों की पहचान की जा सके। इसके अलावा सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान का विस्तृत आंकलन कर दोषी व्यक्तियों से क्षतिपूर्ति और वसूली की कानूनी कार्रवाई करने की बात कही गई है।
फिलहाल जगन्नाथपुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।