Home » राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मोरहाबादी आवास पहुंच स्वर्गीय रूपी सोरेन को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, सीएम हेमंत सोरेन से मिलकर व्यक्त की संवेदना !
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मोरहाबादी आवास पहुंच स्वर्गीय रूपी सोरेन को दी भावभीनी श्रद्धांजलि, सीएम हेमंत सोरेन से मिलकर व्यक्त की संवेदना !
रांची: झारखंड के माननीय राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार ने आज राजधानी रांची स्थित मोरहाबादी आवास पहुंचकर माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन की माता स्वर्गीय श्रीमती रूपी सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
राज्यपाल ने इस कठिन समय में शोकाकुल मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा शोकाकुल सोरेन परिवार को इस अपूरणीय क्षति व विकट दुःख को सहन करने की शक्ति, धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
विभिन्न राजनीतिक दलों के दिग्गजों और अधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि
मोरहाबादी स्थित आवास पर स्वर्गीय श्रीमती रूपी सोरेन के अंतिम दर्शन एवं श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए राज्य भर से जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग पहुंचे।
इस अवसर पर राज्य सरकार के मंत्री श्री चमरा लिंडा, मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह, सांसद श्री विजय हांसदा, सांसद श्री ढुल्लू महतो, पूर्व मुख्यमंत्री श्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री श्री चम्पाई सोरेन तथा पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री सुदेश महतो ने स्व. रूपी सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।
इनके अलावा राज्य के कई विधायकगण, पूर्व मंत्रीगण, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारीगण एवं भारी संख्या में आम लोगों ने भी मोरहाबादी आवास पहुंचकर स्वर्गीय रूपी सोरेन को अपनी अश्रुपूरित श्रद्धांजलि दी। उपस्थित सभी लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहने का धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।