Home » पलामू के कोयल नदी में बड़ा हादसा: करमा पूजा विसर्जन के दौरान डूबने से 5 बच्चों की मौत, CM हेमंत सोरेन ने जताया दुख
पलामू के कोयल नदी में बड़ा हादसा: करमा विसर्जन के दौरान डूबने से 5 बच्चों की मौत, CM हेमंत सोरेन ने जताया दुख !
पलामू: झारखंड के पलामू जिले से एक अत्यंत हृदयविदारक घटना सामने आई है। जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र स्थित बोकया गांव में करमा पूजा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। कोयल नदी में करम डाली विसर्जन करने गए 5 बच्चे गहरे पानी में डूब गए। इस दुखद हादसे में सभी 5 बच्चों की मौत की खबर है, जिनमें से 4 बच्चों के शवों को बरामद कर लिया गया है, जबकि एक की तलाश लगातार जारी है।
चार बच्चों के शव बरामद, एक की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोकया गांव के ग्रामीण और बच्चे करमा पर्व के समापन पर करम डाली का विसर्जन करने स्थानीय कोयल नदी के तट पर गए थे। इसी दौरान विसर्जन करते समय कुछ बच्चे नदी के तेज बहाव और गहरे पानी की चपेट में आ गए। देखते ही देखते 5 बच्चे पानी में समा गए।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों की मदद से स्थानीय प्रशासन और गोताखोरों की टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद अब तक 4 बच्चों के शव नदी से बाहर निकाल लिए गए हैं। वहीं, लापता पांचवें बच्चे की खोज के लिए गोताखोरों की टीम सर्च ऑपरेशन चला रही है।
सीएम हेमंत सोरेन ने जताया गहरा दुख, मरांग बुरु से की प्रार्थना
पलामू में हुए इस दर्दनाक हादसे पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर अपना संदेश साझा करते हुए उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा:
“पलामू में करम डाली विसर्जन के दौरान हुए हादसे में कुछ लोगों के नदी में डूबने का समाचार अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। इस पीड़ादायक घटना में जान गंवाने वाले सभी मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मरांग बुरु से दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति तथा शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।”
इस हादसे के बाद पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है। पर्व का उल्लास मातम में बदल गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।