Home » BIT मेसरा में ‘सीआईएफ समर इंटर्नशिप प्रोग्राम–2026’ का भव्य आगाज, देश भर से जुटे 76 प्रतिभागी
रांची -29 मई 2026: बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (बीआईटी), मेसरा के सेंट्रल इंस्ट्रुमेंटेशन फैसिलिटी (सीआईएफ) द्वारा आयोजित “समर इंटर्नशिप प्रोग्राम–2026” का उद्घाटन आज संस्थान परिसर में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन डीन ऑफ रिसर्च एंड इनोवेशन प्रोफेसर राजू पोद्दार, डीन फैकल्टी अफेयर्स प्रोफेसर अशोक शरण तथा सीआईएफ के सेक्शन हेड प्रोफेसर शुभेंदु नास्कर ने संयुक्त रूप से किया। यह प्रतिष्ठित ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप कार्यक्रम देशभर के विद्यार्थियों को अत्याधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों एवं अनुसंधान तकनीकों से परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है। इस वर्ष कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से कुल 76 प्रतिभागियों ने भाग लिया है।
अपने संबोधन में प्रोफेसर राजू पोद्दार ने कहा कि सीआईएफ में उपलब्ध उन्नत उपकरण एवं उनके अनुप्रयोग उच्च स्तरीय अनुसंधान के लिए अत्यंत उपयोगी हैं तथा विद्यार्थियों को अनुसंधान की नई दिशा प्रदान करते हैं। प्रोफेसर शुभेंदु नास्कर ने बताया कि यह कार्यक्रम अब एक राष्ट्रीय वैज्ञानिक आयोजन का स्वरूप ले चुका है, जिसने देशभर के प्रतिभागियों को आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि सीआईएफ लगातार विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को उत्कृष्ट प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रोफेसर अशोक शरण ने अपने वक्तव्य में कहा कि सीआईएफ का यह विशेष कार्यक्रम प्रतिभागियों को हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग, डेटा जनरेशन एवं डेटा इंटरप्रिटेशन की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करता है, जो इसे अन्य संस्थानों के कार्यक्रमों से अलग एवं विशिष्ट बनाता है। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अश्विनी कुमार सिंह द्वारा प्रस्तुत किया गया। वहीं छात्र समन्वयक सुश्री सोनल श्रुति ने पूरे कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावशाली संचालन किया। यह समर इंटर्नशिप कार्यक्रम विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है तथा शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोल रहा है।