रांची केन्द्र सरकार द्वारा लगातार पेट्रोल-डीजल, दूध एवं सीएनजी गैस की कीमतों में की जा रही वृद्धि तथा आम उपभोक्ताओं के बीच उत्पन्न किल्लत के खिलाफ झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी कल राज्य भर में सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगी एवं प्रधानमंत्री का पुतला दहन करेगी।प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने जिलों में व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि का सीधा असर परिवहन, खाद्य सामग्री और दैनिक जरूरतों की वस्तुओं पर पड़ रहा है। वहीं दूध एवं सीएनजी गैस की कीमतों में बढ़ोतरी ने मध्यमवर्गीय एवं गरीब परिवारों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है।प्रदेश अध्यक्ष ने निर्देश दिया है कि कार्यक्रम में जिले के सांसद, मंत्री, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, जिला कांग्रेस कमिटी के पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी, अग्रणी मोर्चा संगठन एवं विभागों के पदाधिकारी सहित सभी स्तर के कांग्रेस जन सक्रिय रूप से भाग लें। साथ ही जिला प्रभारियों को भी अपने-अपने प्रभार वाले जिलों में पहुंचकर जिलाध्यक्षों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कार्यक्रम को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया गया है।सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों पर लगातार संघर्ष करती रही है और आगे भी महंगाई, बेरोजगारी एवं जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण आम लोगों का जीवन संकट में पड़ गया है, लेकिन सरकार जनता की परेशानियों के प्रति संवेदनहीन बनी हुई है।इसी क्रम में राजधानी रांची में अलबर्ट एक्का चौक पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस जन एवं आम नागरिक शामिल होंगे।














