चतरा। जिले प्रतापपुर थाना क्षेत्र स्थित विधायक मोहल्ला में गोलगप्पा खाने को लेकर मामूली विवाद के कारण नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 20 वर्षीय नैयना प्रवीण के रूप में की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, नैयना की शादी करीब एक महीने पहले ही विधायक मोहल्ला के रहने वाले गुलजार नामक युवक से हुई थी। दोनों की नई-नई गृहस्थी शुरू ही हुई थी।बताया जा रहा है कि बुधवार शाम पति पत्नी के बीच गोलगप्पा खाने को लेकर हल्की कहासुनी हुई थी। शुरुआती जांच और चर्चाओं के अनुसार, इस मामूली विवाद के बाद नैयना अपने पति से काफी नाराज हो गई थी। गुलजार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि गोलगप्पे को लेकर हुए विवाद के बाद नैयना बुरी तरह रूठ गई थी।
गुलजार ने उसे मनाने और शांत करने की काफी कोशिश की, लेकिन नैयना का गुस्सा शांत नहीं हुआ, वह नाराज होकर अपने कमरे के अंदर चली गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।काफी देर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला और अंदर से कोई आवाज नहीं आई, परिजनों ने जब काफी मशक्कत के बाद कमरे का दरवाजा खोला, तो कमरे के अंदर नैयना का शव सीलिंग फैन से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ था।पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने मृतका के पति को हिरासत में लिया है।













