Home » झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का निधन, रांची के अस्पताल में ली अंतिम सांस !
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन का निधन, रांची के अस्पताल में ली अंतिम सांस !
रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का बुधवार को निधन हो गया। वे गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं और रांची के बरियातू स्थित हिल व्यू अस्पताल में भर्ती थीं। उनके निधन की खबर से सोरेन परिवार और पूरे झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है।
वेंटिलेटर पर रखा गया था
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, रूपी सोरेन को ब्रेन और किडनी से जुड़ी गंभीर बीमारियों की शिकायत थी। तबीयत अधिक बिगड़ने पर उन्हें आईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। बुधवार दोपहर बाद से ही उनकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई थी, जिसकी सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी कल्पना सोरेन और मंत्रिमंडल के कई सदस्य लगातार अस्पताल पहुंच रहे थे।
हैदराबाद से लौटने के बाद बिगड़ी थी तबीयत
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों बेहतर इलाज के लिए उन्हें हैदराबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां से रांची लौटने के बाद उनकी स्वास्थ्य स्थिति अचानक फिर से बिगड़ गई। डॉक्टरों की टीम ने पहले घर पर ही उनका इलाज और स्वास्थ्य जांच की, लेकिन सांस लेने में अत्यधिक तकलीफ होने के बाद उन्हें तुरंत Hill View Hospital में दाखिल कराया गया था, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा था।
राजकीय सम्मान और श्रद्धांजलि की तैयारी
रूपी सोरेन झारखंड आंदोलन और झामुमो के शुरुआती संघर्षों के दिनों से ही शिबू सोरेन के साथ मजबूती से खड़ी रही थीं। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास पर ले जाए जाने की तैयारी की जा रही है, जहां पार्टी नेता, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।