राँची। झारखण्ड में भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद दिखाई दे रही है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के अधिकांश इलाकों में अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने संभावना जताई है कि आने वाले दो दिनों में तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है, जिससे गर्म हवाओं का असर कमजोर पड़ेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, राज्य में सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण वातावरण में नमी बढ़ रही है। यही वजह है कि अब कई जिलों में तेज हवा, गरज के साथ बारिश और वज्रपात की स्थिति बन रही है। विभाग ने 30 मई तक राज्य के 20 जिलों के लिए आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
झारखण्ड के कई हिस्सों में तेज हवा के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है। विभाग का कहना है कि अगले चार से पांच दिनों तक राज्य के अलग-अलग इलाकों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। इस दौरान कई जिलों में बादल छाने, गर्जन होने और तेज हवा चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। गर्जन और वज्रपात के समय खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। किसानों को भी मौसम को ध्यान में रखते हुए खेतों में काम करने और फसलों की सुरक्षा के लिए सावधानी बरतने को कहा गया है।













