Home » झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया बल: NHM और पिरामल फाउंडेशन के बीच 3 साल का गैर-वित्तीय MoU साइन !
झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया बल: NHM और पिरामल फाउंडेशन के बीच 3 साल का गैर-वित्तीय MoU साइन !
रांची: राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, पहुंच और प्रभावशीलता को बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM), झारखंड और पिरामल फाउंडेशन के बीच मंगलवार को स्वास्थ्य क्षेत्र में तकनीकी सहयोग एवं फील्ड इंप्लीमेंटेशन को मजबूत करने के लिए तीन वर्षीय गैर-वित्तीय (Non-Financial) समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए गए।
यह हस्ताक्षरित कार्यक्रम अभियान निदेशक के कक्ष, एनएचएम परिसर में आयोजित हुआ। NHM झारखंड की ओर से स्वास्थ्य निदेशक डॉ. प्रभात कुमार तथा पिरामल फाउंडेशन की ओर से मुख्य परिचालन अधिकारी (COO) श्री अक्षत शुक्ला ने इस समझौते पर हस्ताक्षर किए।
इन प्रमुख क्षेत्रों में मिलेगा तकनीकी सहयोग
तीन वर्षों तक प्रभावी रहने वाले इस समझौते के तहत पिरामल फाउंडेशन एनएचएम को मुख्य रूप से निम्नलिखित क्षेत्रों में तकनीकी सहायता प्रदान करेगा:
मातृ एवं बाल स्वास्थ्य: मातृत्व सुरक्षा, प्रसवपूर्व देखभाल और शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों का सुदृढ़ीकरण।
सप्लाई चेन एवं प्रोक्योरमेंट: दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की निर्बाध आपूर्ति प्रणाली और मानव संसाधन प्रबंधन।
वित्तीय एवं प्रशासनिक प्रबंधन: स्वास्थ्य प्रणाली के सुचारू संचालन के लिए प्रशासनिक व वित्तीय प्रक्रियाओं को बेहतर बनाना।
संक्रामक रोग नियंत्रण: ट्यूबरकुलोसिस (TB), कालाजार, फाइलेरिया और मलेरिया जैसे गंभीर अभियानों में तकनीकी सहायता।
11 जिलों में ग्राउंड लेवल पर मजबूत होगा ढांचा
तकनीकी सहयोग के साथ-साथ यह साझेदारी राज्य के लक्षित 11 जिलों में धरातलीय कार्यान्वयन (Field Implementation) को गति देगी।
ग्राम स्तर पर संचालित आउटरीच गतिविधियों—जैसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस (VHND) और सहिया दीदी के माध्यम से चलाए जा रहे अभियानों—को पिरामल फाउंडेशन सीधे ग्राउंड सपोर्ट देगा। इससे दूर-दराज के क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच आसान होगी।
कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस MOU हस्ताक्षरित एवं आदान-प्रदान कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, झारखंड के अभियान निदेशक श्री शशि प्रकाश झा, प्रशासी पदाधिकारी श्री केवल कृष्ण अग्रवाल, निदेशक वित्त श्री गुफरान अहमद सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
वहीं पिरामल फाउंडेशन की ओर से झारखंड राज्य प्रतिनिधि एवं टीम लीड श्री नीरज कुमार के अलावा संस्था के प्रोग्राम डायरेक्टर्स और सीनियर प्रोग्राम मैनेजर्स मौजूद रहे। यह साझेदारी राज्य के स्वास्थ्य तंत्र को तकनीकी और मैदानी—दोनों स्तरों पर सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।