Home » झारखंड विज़न 2050: दिल्ली में जुटे दिग्गज, AI और निवेश पर बड़ा मंथन
झारखंड विज़न 2050: नई दिल्ली में देश-विदेश के दिग्गज उद्योगपतियों का महाजुटान, AI और निवेश पर बड़ा मंथन !
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अगुवाई में झारखंड सरकार का बड़ा कदम; आईटी, एआई, ई-गवर्नेंस और पर्यटन नीतियों के ड्राफ्ट होंगे जारी, कई बड़े MoU पर लगेंगे हस्ताक्षर !
नई दिल्ली/रांची : झारखंड को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने और ‘झारखंड विज़न 2050’ के दीर्घकालिक लक्ष्यों को गति देने के लिए राज्य सरकार ने देश की राजधानी में एक बड़ा मोर्चा संभाला है। सूचना प्रौद्योगिकी (IT), उद्योग और पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 8 और 9 जुलाई 2026 को नई दिल्ली में दो दिवसीय ‘नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अगुवाई में होने वाले इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राज्य में औद्योगिक निवेश, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल गवर्नेंस और पर्यटन की असीम संभावनाओं को धरातल पर उतारना है। इस आयोजन की मुख्य थीम “एक्सप्लोर इंफिनाइट अपॉर्चुनिटीज” (Explore Infinite Opportunities) रखी गई है।
क्यों खास है यह आयोजन?
यह कदम विश्व आर्थिक मंच (WEF), दावोस में झारखंड की पहली ऐतिहासिक मौजूदगी से मिले वैश्विक रुझान को और मजबूत करने के लिए उठाया गया है। इससे राज्य में न केवल बड़ा निवेश आएगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के लाखों नए अवसर भी पैदा होंगे।
➔ दो दिनों का पूरा शेड्यूल: किस दिन क्या होगा खास?
कार्यक्रम के दौरान उद्योग जगत के दिग्गजों से सीधे सुझाव लेने के लिए Jharkhand AI Policy, Investment Promotion Policy, Tourism Policy, Textile Policy, JIADA Regulations, और PPP Policy के कांसेप्ट पेपर और ड्राफ्ट जारी किए जाएंगे।
पहला दिन (8 जुलाई): IT, AI और डिजिटल गवर्नेंस पर फोकस
सत्र 1 (डिजिटल गवर्नेंस और आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर): देश के शीर्ष आईटी विशेषज्ञ और नीति निर्माता झारखंड में आधुनिक आईटी पार्क, डेटा सेंटर और डिजिटल गवर्नेंस से जुड़े निवेश पर मंथन करेंगे।
B2G (बिजनेस-टू-गवर्नमेंट) मीटिंग्स: सरकार और एआई/आईटी क्षेत्र के कॉरपोरेट लीडर्स के बीच सीधी बातचीत होगी।
विशेष सत्र (झारखंड में AI का भविष्य): पहले दिन का समापन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की नई नीति के प्रारूप पर चर्चा के साथ होगा, जहां आईटी विभाग कई टेक कंपनियों के साथ महत्वपूर्ण MoU भी साइन करेगा।
दूसरा दिन (9 जुलाई): निवेश, पर्यटन और मेगा डील्स का दिन
टूरिज्म एंड इंक्लूसिव डेवलपमेंट: झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक और प्राकृतिक पर्यटन क्षमताओं को ग्लोबल स्टेज पर रखकर निवेशकों को आकर्षित किया जाएगा।
औद्योगिक प्रोत्साहन: नए उद्योगों की स्थापना के लिए उद्योगपतियों के साथ विशेष कंसल्टेशन होगा।
पोर्टल्स की लॉन्चिंग और मेगा MoU: कार्यक्रम के सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव में राज्य के विकास को रफ्तार देने के लिए देश के कई बड़े औद्योगिक घरानों के साथ एमओयू (MoU) साइन किए जाएंगे और नए डिजिटल पोर्टल्स का आधिकारिक शुभारंभ होगा।
➔ सांस्कृतिक रंग के साथ समापन
बिजनेस और टेक्नोलॉजी के इस महाकुंभ का समापन झारखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक नृत्य और संगीत के साथ होगा। इसमें देश-विदेश के मेहमान और उद्योग जगत के लीडर्स झारखंड की कला और विरासत से रूबरू होंगे।