Home » ‘जिंदा इंसान को बना दिया भूत’ – सफेद चादर लपेटकर हाथ में कटआउट लिए सड़कों पर उतरे कांग्रेसी कार्यकर्ता।
झारखंड में कांग्रेस का अनोखा विरोध: SIR और वोटर लिस्ट विवाद पर निकाली ‘भूत परेड’, CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग !
रांची:झारखंड में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) और वोटर लिस्ट संशोधन को लेकर शुरू हुआ सियासी संग्राम अब नए और अनोखे रूपों में सामने आ रहा है। मंगलवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के दफ्तर का घेराव करने के बाद, बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक अनोखा और प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता सिर से पांव तक सफेद चादर लपेटकर ‘भूत’ के रूप में सड़कों पर उतरे और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
सफेद चादर, हाथों में कटआउट और ‘भूत परेड’
रांची की सड़कों पर निकला यह प्रदर्शन पूरे सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। सफेद कपड़ों में ढके इन ‘भूतों’ के हाथों में CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग वाले कटआउट थे और जुबान पर निर्वाचन आयोग व SIR प्रक्रिया के खिलाफ जोरदार नारेबाजी थी। कांग्रेस ने अपने इस प्रतीकात्मक प्रदर्शन को ‘भूत परेड’ का नाम दिया।
‘वोटर लिस्ट से नाम कटा, तो जिंदा इंसान भी बन गए भूत’
प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया के नाम पर बड़ी संख्या में वैध मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से गायब किए जा रहे हैं।
कार्यकर्ताओं का कहना था:
“जब चुनाव आयोग हमारा नाम ही वोटर लिस्ट से काट देगा, तो लोकतंत्र में हमारी पहचान क्या रह जाएगी? हमें जिंदा मतदाता से कागजों में ‘भूत’ बना दिया गया है। जब हम लोकतंत्र के लिए अस्तित्वहीन कर दिए गए हैं, तो हम सड़कों पर भी भूत बनकर ही अपना हक मांगने आए हैं।”
SIR को लेकर झारखंड में गरमाई राजनीति
झारखंड में SIR के जरिए वोटर लिस्ट में किए जा रहे बदलावों को लेकर कांग्रेस लगातार हमलावर है। पार्टी का आरोप है कि इस प्रक्रिया के जरिए जानबूझकर एक वर्ग विशेष और ग्रामीण इलाकों के मतदाताओं के अधिकार छीने जा रहे हैं।
कल मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) दफ्तर के घेराव के बाद आज ‘भूत परेड’ के जरिए कांग्रेस ने यह साफ कर दिया है कि वह इस मुद्दे पर पीछे हटने वाली नहीं है। सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक कांग्रेस का यह अनोखा प्रदर्शन लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।