रांची :झारखंड महिला कांग्रेस द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस पर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा पलटवार किया है। रांची की महापौर रोशनी खलखो ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस सहित इंडी गठबंधन वालों के पास अब प्रेसवार्ता कर झूठ परोसने से कोई फायदा नहीं है। इनकी पोल पट्टी देश के समक्ष खुल चुकी है। इन्होंने एक ऐतिहासिक और सुनहरा अवसर खो दिया। विपक्ष की नकारात्मक रवैये के कारण यह ऐतिहासिक बदलाव आज अधूरा रह गया। देश की महिलाएं, कांग्रेस और उनके सहयोगियों को कभी माफ नहीं करेंगी। नारी शक्ति वंदन अधिनियम मामले में कांग्रेस का दोहरा चरित्र एक बार फिर से देश की जनता के सामने उजागर हो गया है। कांग्रेस की नीति हमेशा महिला विरोधी मानसिकता वाली रही है।
खलखो ने कहा कि कांग्रेस सहित उनकी सहयोगी पार्टियों के समक्ष नारी शक्ति वंदन अधिनियम के पक्ष में वोट कर जब बारी थी स्वर्णिम इतिहास लिखकर भागीदार बनने की, तब कांग्रेस सहित विपक्षियों ने राजनीतिक पाप करने का काम किया और आज अपनी गिरती हुई साख को बचाने के लिए तरह-तरह के हथकंडा अपना कर मुद्दे को भटकाने की असफल कोशिश की जा रही है।
खलखो ने कहा कि उक्त अधिनियम के पारित हो जाने और 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने से आज झारखंड की महिलाएं भी राजनीतिक रूप से सशक्त होतीं। यहां लोकसभा की सीटें 14 से बढ़कर 21 तो विधानसभा की सीटें 121 के आसपास हो जाती। स्वाभाविक है कि महिलाओं की भी राजनीतिक भागीदारी बढ़ती। परंतु उस समय तो इंडी गठबंधन वालों ने महिलाओं के संबंध में थोड़ी भी चिंता नहीं की। इस संबंध में झारखंड विधानसभा से भी कई बार प्रस्ताव भेजा गया, इंडी गठबंधन वाले भी इसके पक्षधर रहे हैं फिर जब अवसर आया तो इन्होंने महिला विरोधी काम किया। सोचिए, झारखंड में सीटें बढ़ती तो क्या सिर्फ NDA की महिलाएं ही चुनाव लड़ती ? नहीं ना, फिर यही तो राज्य सहित पूरे देश की महिलाओं को इस संबंध में सोचने और विचार करने की जरूरत है। देश की महिलाओं को अब सब कुछ समझ में आ गया है। समय पर महिलाएं इन्हें सबक सिखाने का काम करेंगी।
खलखो ने कहा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल कांग्रेस की महिला नेता महिलाओं के अधिकारों की बात तो करती हैं, लेकिन वास्तविकता यह है कि कांग्रेस में परिवार वाद को तवज्जो दी जाती है। जिस कारण आम महिलाओं को उनका वास्तविक हक और लाभ नहीं मिल पाता है।
खलखो ने कांग्रेस की पूर्व विधायक अम्बा प्रसाद के उस बयान पर कि “महिला आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा देश को गुमराह कर रही है, क्योंकि देश की जनता कम पढ़ी-लिखी है।” पलटवार करते हुए कहा कि इस तरह का बयान न केवल जनता का अपमान है, बल्कि कांग्रेस की सोच को भी दर्शाता है।
चुनाव आयोग का बड़ा फैसला: BLO और सुपरवाइजरों को मिलेगा ₹6,000 का अतिरिक्त मानदेय
चुनाव आयोग की बड़ी सौगात: BLO और सुपरवाइजरों को मिलेगा ₹6,000 का एक्स्ट्रा मानदेय, ECI ने जारी किया आदेश !...











