Home » पाटन CHC प्रभारी डॉ. मिथिलेश कुमार पर क्रूर हमला: डॉक्टरों में भारी आक्रोश, ‘पेन-डाउन’ हड़ताल की चेतावनी
दिनांक 28 मई 2026 की रात्रि ड्यूटी से लौट रहे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पाटन के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार पर हुए क्रूर हमले की हम घोर निंदा करते हैं। यह घटना न केवल एक चिकित्सक पर हमला है, बल्कि पूरे स्वास्थ्य तंत्र और समाज की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है। ड्यूटी से लौटते समय उन्हें रास्ते में रोककर गंभीर रूप से मारपीट की गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हुए और वर्तमान में रांची में उपचाररत हैं।झारखंड की संपूर्ण चिकित्सा बिरादरी, जिसमें IMA, JSHSA, JDN तथा विभिन्न पारा-मेडिकल कर्मचारी संगठन शामिल हैं, इस घटना को अत्यंत गंभीरता से लेती है और एकजुट होकर निम्नलिखित मांगें करती है:
• घटना की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच हो।
• दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
• चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा हेतु प्रभावी और स्थायी व्यवस्था की जाए।
• संबंधित क्षेत्र में सक्रिय अपराधी तत्वों एवं सड़क लूट की घटनाओं पर तत्काल अंकुश लगाया जाए।
हम राज्य सरकार एवं प्रशासन को स्पष्ट रूप से अवगत कराना चाहते हैं कि चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा के प्रश्न पर अब किसी प्रकार की उदासीनता स्वीकार न की जाएगी। यदि शीघ्र एवं संतोषजनक कार्रवाई नहीं की जाती है, तो IMA, JSHSA, JDN एवं पारा-मेडिकल कर्मचारी संगठनों सहित संपूर्ण चिकित्सा समुदाय अपने सदस्यों की सुरक्षा और सम्मान की रक्षा हेतु पेन-डाउन सहित सभी लोकतांत्रिक एवं वैधानिक आंदोलनों पर विचार करने के लिए बाध्य होगा। आज पूरा चिकित्सा समुदाय डॉ. मिथिलेश कुमार के साथ खड़ा है। हम उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं तथा न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लेते हैं।