Home » रुपी सोरेन की तबीयत बिगड़ी: रांची के हिल व्यू हॉस्पिटल में भर्ती, CM हेमंत सोरेन समेत कई दिग्गज पहुंचे
रूपी सोरेन की हालत चिंताजनक: रांची के हिल व्यू हॉस्पिटल में भर्ती, CM हेमंत सोरेन समेत JMM-कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पहुंचे
रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माताजी रूपी सोरेन की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। उन्हें इलाज के लिए राजधानी रांची के बरियातू स्थित हिल व्यू अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
माताजी के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी सह विधायक कल्पना सोरेन तुरंत अस्पताल पहुंचे। रूपी सोरेन की गंभीर स्थिति को देखते हुए राज्य के जाने-माने न्यूरो मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. उज्ज्वल राय को विशेष रूप से अस्पताल बुलाया गया है। डॉक्टरों की पूरी टीम उनके स्वास्थ्य की निरंतर निगरानी कर रही है।
अस्पताल पहुंचे गठबंधन के कई दिग्गज नेता
रूपा सोरेन के स्वास्थ्य का हालचाल जानने के लिए अस्पताल परिसर में झामुमो (JMM) और कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों का जमावड़ा शुरू हो गया है। पूर्व मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव और मंत्री योगेंद्र प्रसाद समेत कई प्रमुख नेता अस्पताल पहुंचे और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर रूपा सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी ली।
डॉक्टरों की टीम रख रही है कड़ी नजर
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, रूपी सोरेन को न्यूरो से जुड़ी समस्या के चलते भर्ती कराया गया है। डॉ. उज्ज्वल राय के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम उनका गहन उपचार कर रही है। फिलहाल उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यक चिकित्सकीय जांच की जा रही है।
खबर फैलते ही सत्तारूढ़ गठबंधन के कार्यकर्ताओं और राज्यभर के समर्थकों में चिंता की लहर दौड़ गई है। लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।